राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कॉन्ग्रेस विधायक रोहित बोहरा के अश्लील इशारे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सदन की कार्यवाही के दौरान कैमरे में कैद हुए इस दृश्य ने न सिर्फ सदन के भीतर हंगामा खड़ा कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई।
सत्ता पक्ष ने इसे विधानसभा की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की माँग की है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए वीडियो देखने के बाद निर्णय लेने की बात कही है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि विधायक दल की बैठक में इस बारे में पूरी चर्चा होगी और जरूरी हुआ तो इस पर कार्रवाई भी की जाएगी।
सदन में हंगामा, अध्यक्ष ने जताई सख्ती
शून्यकाल के दौरान सामने आए इस घटनाक्रम पर भाजपा विधायक श्रीचंद कृपलानी ने सदन में सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक का आचरण विधानसभा की मर्यादा के विपरीत है, इस पर तत्काल संज्ञान लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा की अपनी गरिमामयी परंपराएँ रही हैं, लेकिन हाल के दिनों में सदन के भीतर आचरण का स्तर गिरता दिख रहा है।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रदेश की आठ करोड़ जनता विधानसभा की कार्यवाही देखती है और प्रत्येक विधायक अपने मतदाताओं का प्रतिनिधि होता है, इसलिए उससे मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो यदि सदन की गरिमा के प्रतिकूल पाया गया, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
इस मामले को लेकर बीजेपी ने कॉन्ग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी राजस्थान ने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से वीडियो साझा करते हुए लिखा, “जयपुर विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों पर शून्यकाल चल रहा था और कॉन्ग्रेस विधायक रोहित बोहरा हंसते हुए कैमरे में अभद्र इशारा करते दिखे! क्या यही है कॉन्ग्रेस के संस्कार?”
जयपुर विधानसभा में जनता से जुड़े मुद्दों पर शून्यकाल चल रहा था और कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा हंसते हुए कैमरे में अभद्र इशारा करते दिखे!
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) February 12, 2026
क्या यही है कांग्रेस के संस्कार? pic.twitter.com/7I3ZtovJJ2
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “विधानसभा का सदन पवित्र है और इसमें आचरण का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति शुद्ध आचरण करें, क्योंकि उनके आचरण पर जनता भी ध्यान रखती है और कई बार लोग उनको फॉलो भी करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि जिन विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उनको आत्मचिंतन करना चाहिए। साथ ही अपने आचरण में सुधार भी करना चाहिए, वरना लोग तो उँगलियाँ उठाएँगे ही।

