बिना परमिशन पार्षद फातमा रफीक खान ने बदल दिए सड़कों के नाम, कर दिए सकीना मंजिल-रजा गेट-ख्वाजा रोड जैसे नामकरण: स्थानीय लोग भड़के तो जागा नगर निगम, महापौर ने उखड़वाए बोर्ड

मध्य प्रदेश के इंदौर में पार्षद फातमा रफीक खान ने गलियों और रास्तों के नाम बदलकर मुस्लिम नामों पर रख दिए। पार्षद ने इन नामों के बोर्ड बिना नगर निगम की अनुमति के सड़कों पर भी लगवा दिए हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की शिकायत पर बोर्ड को उखाड़ दिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वार्ड-2 में गलियों और रास्तों के नाम बदलकर सकीना मंजिल रोड, रजा गेट और ख्वाजा रोड रखे गए थे। इन बोर्डों को उखड़वा दिया गया है। साथ ही निगमायुक्त शिवम वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन भी किया है।

समिति की शुरुआती जाँच में सामने आया कि बोर्ड लगाने के लिए यातायात विभाग के मौखिक निर्देसों का हवाला दिया गया था लेकिन दस्तावेजों में कई अनियमितताएँ पाई गईं। चंदन नगर में लगाए गए इन बोर्डों के लिए पार्षद ने सीधे ठेकेदार से संपर्क किया था। वहीं ठेकेदारों को भी बिना किसी सरकारी दस्तावेजों को पास कराए समय से ही भुगतान कर दिया गया।