हरियाणा के जींद स्थित चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी (CRSU) में छात्राओं के यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ तीन प्रोफेसरों पर व्हाट्सऐप के जरिए आपत्तिजनक बातें करने और निजी सवाल पूछने का आरोप लगा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक छात्रा ने साहस दिखाकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को शिकायत भेजी, जिसके बाद 27 नवंबर को 50 से अधिक छात्राओं ने कुलपति रामपाल सैनी से मुलाकात की और शिकायत की। छात्राओं की शिकायत के बाद कुलपति ने तीनों प्रोफेसरों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। कुलपति ने कहा कि आरोप सिद्ध होने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रोफेसरों ने छात्राओं की निजी जिंदगी, पहनावे, रूप-रंग पर अनुचित टिप्पणियाँ की थी। छात्राओं ने उन पर देर रात वीडियो कॉल्स करने के आरोप लगाए हैं। ये प्रोफेसर लड़कियों को मैसेज कर ‘आर यू वर्जिन’ और ‘यू कैन काउंट’ जैसी भद्दी बातें करते थे।

एक छात्रा ने व्हाट्सऐप चैट्स का सारा स्क्रीनशॉट ले लिया और जाँच के लिए सामने रखा। चैट्स से खुलासा हुआ कि वे छात्राओं पर दबाव बनाकर अश्लील बातें करने को मजबूर करते थे। एबीवीपी (ABVP) संगठन ने इस मामले में कई छात्राओं की लिखित शिकायतों के आधार पर मामला उजागर किया।


ABVP ने मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में तीनों प्रोफेसरों के पुतले फूंके और विरोध प्रदर्शन किया। नेता रोहन सैनी और राहुल कक्कड़ ने जाँच समिति से एक सप्ताह में रिपोर्ट माँगी, वरना बड़ा आंदोलन की चेतावनी दी। कुलपति ने जाँच के आदेश दिए हैं और राज्यपाल को भी शिकायत भेजी गई है।

