जिम ट्रेनर नदीम अंसारी हिंदू महिला से कर रहा था छेड़छाड़, बजरंग दल ने पकड़कर पीटा: देहरादून में केस दर्ज, पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के क्लेमेंटटाउन इलाके में एक जिम के भीतर जमकर हंगामा और मारपीट हुई। ‘फिट एंड फाइन’ नामक जिम में एक हिंदू महिला द्वारा मुस्लिम जिम ट्रेनर नदीम अंसारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुँचकर ट्रेनर को सबक सिखाया। पुलिस ने आरोपित ट्रेनर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने साथ कुछ लोगों को लेकर जिम पहुँची और ट्रेनर नदीम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। जैसे ही बजरंग दल के पदाधिकारियों को जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में वहाँ पहुँच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यकर्ताओं ने जिम के अंदर ही ट्रेनर को सबक सिखाया, जिससे वहाँ अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों का कहना है कि महिला और ट्रेनर के बीच किसी बात पर अनबन हुई थी, जिसने बाद में सांप्रदायिक रंग ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही क्लेमेंटटाउन थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को सँभाला। पुलिस ने महिला की शिकायत पर नदीम अंसारी के खिलाफ छेड़छाड़ की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी अब जिम के CCTV फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि छेड़छाड़ और मारपीट, दोनों की सच्चाई सामने आ सके।