दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की उसके घर में ही गला घोंटकर हत्या कर दी गई। बुधवार (22 अप्रैल 2026) सुबह करीब 9 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुँची टीम ने शव बरामद किया।
पुलिस को शक है कि हत्या से पहले युवती के साथ रेप हुआ है, जिसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और वर्तमान में UPSC की तैयारी कर रही थी।
पुलिस की तफ्तीश में घर के एक पूर्व नौकर राकेश मीणा पर हत्या का शक जताया गया है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है। परिजनों के अनुसार, राकेश को करीब एक महीने पहले ही काम से निकाला गया था, जिससे वह नाराज चल रहा था।
घटनास्थल पर शव के पास मोबाइल चार्जर का तार मिला है, जिससे गला घोंटने की आशंका है। युवती के चेहरे और सिर पर भी चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर फरार संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और मामले की गहराई से जाँच कर रही है।

