दिल्ली में देर रात मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने गई पुलिस-MCD की टीम पर पत्थरबाजी, कई पुलिसकर्मी घायल: लाठीचार्ज कर काबू किए गए हालात

दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में रामलीला मैदान के पास देर रात अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। कार्रवाई के समय कुछ लोगों द्वारा पुलिस और MCD की टीम पर पत्थरबाजी किए जाने और झड़प की घटना सामने आई। पत्थरबाजी के बाद पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने यह कार्रवाई फैज-ए-इलाही मस्जिद से सटी जमीन पर की। निगम की ओर से आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे बुलडोजर चलाए गए जबकि पहले योजना बुधवार (7 जनवरी 2025) सुबह 8 बजे से कार्रवाई शुरू करने की थी। हाईकोर्ट ने मस्जिद से सटे बारात घर, डिस्पेंसरी, लाइब्रेरी और अन्य निर्माणों को अवैध घोषित किया था।

एमसीडी की टीम ने लगभग 17 बुलडोजरों की मदद से इन अवैध ढाँचों को गिराया। अधिकारियों के मुताबिक, मस्जिद की मूल 0.195 एकड़ जमीन को नहीं छुआ गया जबकि उसके आसपास बने सभी गैर-कानूनी निर्माण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पत्थरबाजी में 4 से 5 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और घायल पुलिसकर्मियों के बयान के बाद FIR दर्ज की जाएगी।

सेंट्रल रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मधुर वर्मा ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पूरे क्षेत्र को 9 जोनों में बाँटकर प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एडीसीपी स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

फिलहाल रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालाँकि, हालात सामान्य होने पर इसमें ढील दी जा सकती है।