दिल्ली में कार ब्लास्ट करने से पहले पुलवामा गया था आतंकी उमर, भाई को दिया सीक्रेट मोबाइल: कहा- मेरी खबर आए तो फोन पानी में फेंक देना

दिल्ली कार बम धमाके में खुद को उड़ाने वाले आतंकी डॉ उमर मोहम्मद से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आई है। हमले से करीब 2 हफ्ते पहले उमर पुलवामा में अपने घर गया था, जहाँ उसने अपना एक मोबाइल फोन अपने भाई जहूर इलाही को दिया और कहा कि अगर उसकी कोई खबर आए तो वह फोन को पानी में फेंक दे।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को जहूर से पूछताछ के दौरान इस फोन की जानकारी मिली। जहूर ने बताया कि उसने 9 नवंबर को उमर के साथियों की गिरफ्तारी की खबर सुनकर घबराकर वह फोन घर के पास एक तालाब में फेंक दिया था। बाद में इस फोन को बरामद कर लिया गया।

जाँच एजेंसियों ने इस खराब हो चुके फोन से एक वीडियो रिकवर किया है, जिसमें उमर टूटी-फूटी अंग्रेजी में इस आत्मघाती हमले को ‘शहादत का ऑपरेशन’ बता रहा है। सभी डिजिटल सबूत अब NIA को सौंप दिए गए हैं।

बता दें कि 10 नवंबर 2025 को लाल किले के पास एक हुंडई i-20 कार में हुए इस धमाके में 15 लोगों की मौत हुई थी और 20 से ज़्यादा घायल हुए थे। मामले में अब तक 8 लोग गिरफ्तार हुए हैं, जिनमें 5 आतंकी डॉक्टर शामिल हैं।