‘धुरंधर’ के सुपरस्टार रणवीर सिंह ‘DON’ के चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री से बैन: वजह हैं- फरहान अख्तर, जानिए A-Z पूरा मामला

फिल्म ‘धुरंधर’ के सुपरस्टार रणवीर सिंह के फिल्म ‘डॉन 3’ छोड़ने के बाद से उन पर संकट की घड़ी मंडराती जा रही है। फरहान अख्तर की शिकायत के बाद रणवीर सिंह को फिल्म इंडस्ट्री से बैन कर दिया गया है। यह प्रतिबंध फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉई (FWICE) ने रणवीर सिंह पर लगाए हैं। इससे पहले फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर ने फिल्म छोड़ने के लिए रणवीर सिंह से ₹45 करोड़ माँगे थे।

सोमवार (25 मई 2026) को FWICE के पदाधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। फेडरेशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ डायरेक्टिव जारी किया, यानी जब तक कोई हल नहीं निकलता तब तक वह कोई फिल्म साइन नहीं कर पाएँगे और न ही शूटिंग कर सकेंगे। फेडरेशन ने फिल्म निर्माताओं की ₹45 करोड़ की माँग का भी समर्थन किया। फेडरनेशन ने रणवीर सिंह को आगे आकर फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए।

FWICE ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने मामले में हल निकालने के लिए रणवीर सिंह से चर्चा की कोशिश की तो उन्होंने इनकार कर दिया और कहा कि इस मामले के लिए एक ‘उचित’ मंच की जरूरत है। साथ ही फेडरेशन ने कहा कि वह सौहार्दपूर्ण समाधान तक पहुँचने के लिए आगे की चर्चाओं के लिए तैयार है।

रणवीर सिंह का बयान

इस पूरे विवाद पर रणवीर सिंह की ओर से बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया कि वह फिल्म इंडस्ट्री और डॉन-3 फ्रेंचाइजी से जुड़े हर व्यक्ति का बहुत सम्मान करते हैं। डॉन 3 को लेकर हाल ही में जो बातें सामने आई हैं, उन पर उन्होंने जानबूझकर चुप रहना सही समझा। उनका मानना है कि प्रोफेशनल और निजी रिश्तों को हमेशा सम्मान, समझदारी और शालीनता के साथ संभालना चाहिए।

बयान में आगे कहा गया कि रणवीर सिंह ने डॉन 3 फ्रेंचाइजी की पूरी टीम को शुभकामनाएँ दी हैं और साफ किया कि वह इस मामले पर मीडिया में कोई चर्चा नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि समय-समय पर कई तरह की खबरें और अटकलें सामने आईं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सार्वजनिक रूप से जवाब देना जरूर नहीं समझा। फिलहाल उनका पूरा ध्यान अपने काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर है।

रणवीर ने यह भी कहा कि वह इस फ्रेंचाइजी से जुड़े सबी लोगों के लिए दिल से सम्मान और अच्छी भावना रखते हैं और इसकी सफलता की कामना करते हैं। ऐसे मौकों पर शांत रहना और गरिमा बनाए रखना हमेशा से उनका फैसला रहा है और आगे भी वह इसी रवैये को कायम रखेंगे।

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद तब सामने आया जब रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि रणवीर सिंह ने शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले फिल्म ‘डॉन 3’ को छोड़ दिया है। इसके बाद यह मामला प्रोडक्शन गिल्ड ऑफ इंडिया के पास पहुँचा, जहाँ फिल्म के निर्माता फरहान अख्तर और उनकी कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट और रणवीर सिंह के बीच सुलाह कराने की कोशिश की गई।

उधर, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने FWICE से शिकायत की कि रणवीर सिंह ने उनके साथ तीन फिल्मों का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया है। निर्माता कंपनी ने रणवीर सिंह के फिल्म छोड़ने से पहले हुए भारी प्री-प्रोडक्शन खर्चों के लिए मुआवजे की भी माँग की।