तेलंगाना सरकार ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि हैदराबाद में स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (US Consulate General) वाली सड़क का नाम अब आधिकारिक रूप से ‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ रखा जाएगा। यह हाई-प्रोफाइल सड़क गाचीबाउली इलाके में स्थित है और सीधे अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की इमारत के पास से गुजरती है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने रविवार (7 दिसंबर 2025) को यह जानकारी साझा की और इसके साथ कई और सड़कों व इंटरचेंज के नामकरण की घोषणाएँ भी कीं। राज्य सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव को औपचारिक रूप से विदेश मंत्रालय और अमेरिकी दूतावास को भेजेगी।
‘डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू’ के अलावा, आउटर रिंग रोड (ORR) से रवीर्याल के प्रस्तावित रीजनल रिंग रोड (RRR) को जोड़ने वाली ग्रीनफील्ड रेडियल रोड का नाम दिवंगत उद्योगपति रतन टाटा के नाम पर रखा जाएगा। रवीर्याल स्थित इंटरचेंज का नाम पहले ही ‘टाटा इंटरचेंज’ रखा जा चुका है।
इसके साथ ही एक प्रमुख सड़क को ‘गूगल स्ट्रीट’ नाम दिया जाएगा क्योंकि इसी सड़क पर Google का आने वाला सबसे बड़ा विदेशी कैंपस निर्माणाधीन है। इसी तरह, Microsoft और Wipro कैंपस के पास की सड़कों का नाम क्रमशः ‘माइक्रोसॉफ्ट रोड’ और ‘विप्रो जंक्शन’ रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रतन टाटा और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जैसे व्यक्तित्वों के सम्मान में शहर की प्रमुख सड़कों और स्थलों का नामकरण करने का निर्णय लिया गया है। सरकार का दावा है कि इससे हैदराबाद की वैश्विक पहचान और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षण को और मजबूती मिलेगी।

