‘आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है’: डेडलाइन से पहले ट्रंप की धमकी, ईरान के राष्ट्रपति ने कहा- 1.4 करोड़ लोग जान कुर्बान करने को तैयार

ईरान को पाषाण युग में भेजने की धमकी दे चुके अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर शिया मुल्क को धमकाया है। ट्रंप ने मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है जो फिर कभी वापस नहीं आएगी।

उन्होंने लिखा, “मैं ऐसा नहीं चाहता लेकिन शायद ऐसा ही होगा। हालाँकि, अब जब पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन हो चुका है जहाँ नए, समझदार और कम कट्टरपंथी लोग सामने आए हैं तो हो सकता है कि कुछ बिल्कुल नया और शानदार देखने को मिले। कौन जानता है? आज रात हमें इसका जवाब मिल जाएगा। यह दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक होगा।” ट्रंप ने आगे लिखा, “47 साल से चल रहे जबरन वसूली, भ्रष्टाचार और मौत का दौर आखिरकार खत्म हो सकता है।”

इससे पहले ट्रंप ने ईरान को ‘अंतिम चेतावनी’ देते हुए कहा था कि हॉर्मुज ऑफ स्ट्रेट नहीं खोला गया तो ईरान के पावर प्लांट्स, तेल ढाँचे और अहम इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जाएगा। ट्रंप ने इसके लिए ईरान को मंगलवार रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 5:30 बजे) तक का समय दिया है।

वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने दावा किया है कि 1.4 करोड़ से ज्यादा ईरानी देश की रक्षा के लिए लड़ने के लिए तैयार हो चुके हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि ईरानी अपने देश के लिए ‘अपनी जान कुर्बान करने’ को तैयार हैं।

उन्होंने लिखा, “अब तक 1.4 करोड़ से अधिक ईरानियों ने ईरान की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान करने की तैयारी जाहिर की है। भी ईरान के लिए अपनी जान देने को पहले भी तैयार था, अब भी हूँ और आगे भी रहूँगा।”