नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले जेवर क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार (15 जून 2026) को लखनऊ पहुँचा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। ये किसान नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली पहली व्यावसायिक फ्लाइट के जरिए लखनऊ पहुँचे।
किसानों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों, बुनियादी ढाँचे में बदलाव और चल रही परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा, “अब आप सोचिए कि दिल्ली को फेल करने जा रहे हैं। दुनिया का हर बड़ा व्यक्ति वहाँ (जेवर) आना चाहता है। आप परी की बात कर रहे थे, अब तो वहाँ कुबेर आना चाहते हैं।”
किसानों से संवाद के दौरान सीएम योगी ने जेवर एयरपोर्ट परियोजना की शुरुआत और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया को याद करते हुए कहा, “मुझे याद है जब हमारी कैबिनेट ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए प्रस्ताव पारित किया, तो हमने अधिकारियों को समय सीमा दी कि 100 दिन में जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही प्रारंभ हो जाय! लेकिन नहीं शुरू हो पाई।”
आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में जेवर ने एक नया इतिहास रच दिया है… pic.twitter.com/viTGgPFhSu
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 15, 2026
उन्होंने कहा, “मैं वहाँ गया तो वहाँ किसानों के साथ बैठक की, 100 के आसपास किसानों से हमने कहा कि हमें एयरपोर्ट बनाना है तो वाकई में मुझे वही सुनने को मिला कि ‘हम जमीन नही देंगे’ मैंने कहा कि आपको एक घंटे का समय दे रहा हूँ कि ये एयरपोर्ट आपकी तस्वीर बदल देगा, मैंने अनुरोध किया, क्योंकि समय सबका आता है। कुछ बन जाते हैं, कुछ बिखर जाते हैं। जो मौके को गंवा देता है, अवसर से वह बिखर जाता है। आपने मुझपर विश्वास किया। ये कार्यवाही युद्धस्तर पर आगे बढ़ी तो परिणाम है कि 13 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर पहले फेज का काम होकर नया इतिहास रच दिया है।”
डबल इंजन की सरकार जो कहती है वो करती है: सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र को भविष्य के औद्योगिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में प्रस्तुत करते हुए कहा, “अब वहाँ सेमीकंडक्टर की यूनिट लग रही है। फिल्मसिटी आ रही है। आईटी एंड इलेक्ट्रॉनिक की वर्ल्डक्लास सिटी वहाँ होने जा रही है। अब वहाँ दुनिया के 5 बड़े प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय जिनकी रैंकिंग है। अब वहाँ वो अपना कैम्पस स्थापित करने आ रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आपने निर्णय लिया मुझे अच्छा लगा जब वहाँ के किसान विधायक जी के साथ यहाँ आये थे। जब आपने पहली रजिस्ट्री का काम सम्पन्न किया था तब मैंने कहा था आप रजिस्ट्री करवाइए। पैसा हम वो देंगे जो आप नही सोचे होंगे। हमने यही कार्य वहाँ किया। आज आपकी वजह से आपकी पीढ़ियों को भविष्य बनने जा रहा है।”
मैंने ग्रेटर नोएडा में कहा था…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 15, 2026
हम आपको आपका हक देंगे…
हम लोगों ने वही कार्य किया… pic.twitter.com/FeHjaxY6F7
योगी ने कहा, “आपको मैं आश्वस्त करता हूँ कि यह डबल इंजन की सरकार है, जो बोलती है, वह करती भी है। जितना बोलती है उतना करती भी है। आगे कभी भी आपको इस डबल इंजन की सरकार से निराश नहीं होना पड़ेगा। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास यह अभियान निरंतर बढ़ता रहेगा।”
पहले यूपी का सबसे बड़ा आपराधिक क्षेत्र था जेवर
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जेवर क्षेत्र की पुरानी स्थिति का भी जिक्र करते हुए कहा कि जेवर अब वह जेवर नहीं रहा। इसी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश का सबसे अधिक आपराधिक गतिविधियों का क्षेत्र बन गया था। शाम होते ही आवागमन बंद हो जाता था। हर बेटी असुरक्षित थी। किसानों के लिए कोई सुविधा नहीं थी। किसानों का उत्पीड़न होता था।
अन्न, फल और सब्जी…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 15, 2026
कार्गो से दुनिया की मार्केट तक पहुंचाने की सुविधा का केंद्र बिंदु बनेगा जेवर… pic.twitter.com/pnkQ8emi4k
उन्होंने कहा कि पहले सड़क, सुविधा, रोजगार भी नहीं था। ऐसी स्थितियों में दिल्ली के नजदीक जेवर मात्र एक कस्बा था, एक गाँव था, लेकिन अब जेवर दिल्ली को फेल करने जा रहा है। गौरतलब है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार (15 जून 2026) से नियमित यात्री उड़ानों का संचालन शुरू हो गया है।

