अमेरिकी पत्रिका ‘द अटलांटिक’ ने अपनी एक रिपोर्ट में FBI डायरेक्टर काश पटेल पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि काश पटेल को शराब पीने की अत्यधिक लत है, जिसका बुरा असर उनके काम और नेतृत्व पर पड़ रहा है।
‘द अटलांटिक’ की रिपोर्ट में यहाँ तक कहा गया कि एक बार शराब के नशे में धुत काश पटेल को बंद कमरे से निकालने के लिए सुरक्षाकर्मियों को दरवाजा तोड़ने वाले उपकरणों तक की माँग करनी पड़ी थी।
साथ ही, अमेरिकन पत्रिका ने दावा किया कि एक तकनीकी खराबी के कारण काश पटेल घबरा गए थे और उन्हें लगा कि उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। इन आरोपों पर काश पटेल ने बेहद सख्त रुख अपनाया है और पत्रिका के दावों को पूरी तरह ‘झूठा और मनगढ़ंत‘ करार दिया है।
काश पटेल ने ‘द अटलांटिक’ को चेतावनी देते हुए कहा कि ये आरोप उनकी छवि खराब करने के लिए लगाए गए हैं और वे अब इसका जवाब कोर्ट में देंगे। उनके वकील जेसी बिन्नल ने कहा कि यह रिपोर्ट केवल अज्ञात सूत्रों पर आधारित है और इसमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है।
काश पटेल की टीम का कहना है कि अगर पत्रकार ने FBI से आधिकारिक जानकारी माँगी होती, तो यह झूठ उसी वक्त सामने आ जाता। फिलहाल, कश पटेल पत्रिका पर मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी कर रहे हैं।

