Wednesday, January 1, 2025

लाइव डिबेट में मनुस्मृति फाड़ने वाली RJD की जहरीली प्रवक्ता प्रियंका भारती पर FIR दर्ज: 2 टीवी चैनलों के मालिकों पर भी कार्रवाई की माँग

एक TV शो की डिबेट में धर्मग्रंथ फाड़ने वाली राजद की प्रवक्ता प्रियंका भारती पर FIR दर्ज हो गई है। यह FIR उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में हुई है। इस केस में शिकायत राष्ट्रीय स्वर्ण परिषद के संगठन मंत्री भरत तिवारी की तरफ से शुक्रवार (28 दिसंबर 2024) को दी गई थी। उन्होंने RJD प्रवक्ता पर अपनी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप लगाया है।

FIR अलीगढ़ के रोरवर थाने में दर्ज हुई है। शिकायतकर्ता भरत तिवारी ने बताया कि प्रियंका भारती की करतूत देश में सामजिक वैमन्यस्यता फैलाने वाली है। उन्होंने इंडिया TV के मालिक रजत शर्मा और TV9 चैनल के मालिक वरुण दास पर भी TRP की नीयत से प्रियंका भारती की हरकतों को बढ़ावा दिए जाने का आरोप लगाया है।

भरत तिवारी की शिकायत में तीनों आरोपितों पर देशद्रोह की धाराओं में कार्रवाई की माँग की गई है। ऑपइंडिया के पास शिकायत कॉपी मौजूद है। पुलिस ने FIR दर्ज कर के जाँच शुरू कर दी है। भरत तिवारी ने प्रियंका को अलीगढ़ आकर संस्कृत पढ़ने का भी निमंत्रण दिया है। उनका आरोप है कि दिमाग में गंदगी का कीड़ा बैठने की वजह से प्रियंका को कुछ समझ में नहीं आ रहा।