विकास से सम्मान तक: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून को उड़ान भरेंगे जमीन देने वाले 172 किसान, पहली फ्लाइट से लखनऊ जाकर करेंगे CM योगी से मुलाकात

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले किसान ही अब सबसे पहले यहाँ से उड़ान भरने वाले यात्री बनेंगे। 15 जून 2026 को जेवर एयरपोर्ट से पहली विशेष व्यावसायिक उड़ान का संचालन किया जाएगा, जिसमें परियोजना से जुड़े लगभग 172 किसान लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

इसे एयरपोर्ट के विकास और किसानों के योगदान के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस विशेष उड़ान में वे किसान शामिल होंगे जिनकी भूमि के अधिग्रहण के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना को आकार मिल सका।

उड़ान के जरिए सभी किसान लखनऊ पहुँचेंगे, जहाँ उनकी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है। इस दौरान किसानों की ओर से एयरपोर्ट परियोजना को लेकर औपचारिक संवाद और सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जा सकता है।

किसानों को यात्रा से जुड़ी आवश्यक जानकारी पहले ही दे दी गई है और उन्हें विशेष पास भी सौंपे गए हैं। पास पर अंकित क्रमांक के अनुसार ही विमान में उनकी सीट तय की गई है। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या ज्वलनशील सामग्री साथ न लाने के निर्देश दिए हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए जेवर क्षेत्र के छह गाँवों की कुल 1334 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया गया था। परियोजना के दौरान कई गाँवों का विस्थापन भी हुआ।अब एयरपोर्ट से पहली उड़ान में किसानों को शामिल कर प्रशासन इस विकास यात्रा में उनकी भूमिका को सम्मान देने की कोशिश कर रहा है।