पंजाब के गुरदासपुर में कानून-व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ाते हुए बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। गुरुवार (5 मार्च 2026) सुबह जेल रोड स्थित स्कीम नंबर 5 में रहने वाले मशहूर ज्वेलर वरुण महाजन के घर में पाँच हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर करीब 3.5 करोड़ रुपए की डकैती की।
निहंग का भेष धारण कर आए इन बदमाशों ने न केवल पूरे परिवार को बंधक बनाया, बल्कि मासूम बच्चों की उंगलियाँ काटने की धमकी देकर घर में रखा सारा सोना, चाँदी और नकदी लूट ली।
धार्मिक बहाना बनाकर घर में घुसे बदमाश
यह पूरी वारदात सुबह करीब 8 बजे हुई। बदमाशों ने बेहद शातिराना तरीके से घर में प्रवेश किया। सबसे पहले उन्होंने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद एक बदमाश ने ज्वेलर के ड्राइवर से कहा कि वे किसी धार्मिक मामले पर चर्चा करने के लिए मालिक से मिलना चाहते हैं। ड्राइवर जैसे ही ज्वेलर को बुलाने अंदर गया, बदमाश भी पीछे-पीछे घर में घुस गए और अंदर जाते ही असली रंग दिखाया।
बच्चों पर तानी पिस्टल, रस्सियों से बाँधा परिवार
हैरानी की बात यह है कि जिस घर में यह लूट हुई, वह गुरदासपुर के एसएसपी (SSP) आवास से महज 200 गज की दूरी पर स्थित है। इसे शहर की सबसे सुरक्षित कॉलोनी माना जाता है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी आदित्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस का कहना है कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपितों को दबोच लिया जाएगा।
इस घटना के बाद पंजाब की ‘आप’ सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कॉन्ग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा और बीजेपी विधायक अश्वनी शर्मा ने ज्वेलर के घर पहुँचकर परिवार से मुलाकात की।
अश्वनी शर्मा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता है। एसएसपी दफ्तर के इतने करीब ऐसी वारदात होना शर्मनाक है और राज्य में लोग अब सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

