लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती ने जुबैर नाम के युवक पर यौन शोषण और धर्मांतरण का दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का आरोप है कि जुबैर ने खुद को करन नाम का हिंदू युवक बताया, उससे दोस्ती की और बाद में शादी का वादा कर लंबे समय तक उसका यौन शोषण किया।
पीड़िता का कहना है कि उसे बुर्का पहनने के लिए कहा गया और धर्म परिवर्तन करने पर 12 लाख रुपए दिलाने का लालच भी दिया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, करीब डेढ़ वर्ष पहले युवती की मुलाकात आरोपित से हुई थी। शादी का भरोसा देकर जुबैर उसे विभिन्न जगहों पर ले जाता रहा।
इसी दौरान उसे नशीला पदार्थ देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। युवती ने बताया कि आरोपित ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए थे और बाद में ब्लैकमेल कर लगातार उसका शोषण करता रहा। जब उसने शादी की बात आगे बढ़ानी चाही तो उसे पता चला कि आरोपित का असली नाम करन नहीं बल्कि जुबैर है।
इसके बाद आरोपित का व्यवहार बदल गया। आरोपित ने कारोबार में निवेश का हवाला देकर उससे बड़ी मात्रा में नकदी और जेवरात भी लिए, जिन्हें बाद में वापस नहीं किया। जब उसने शादी के लिए कहा और अपने पैसे वापस माँगे तो आरोपित और उसके परिजनों ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती की तहरीर पर जुबैर और उसके परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जाँच जारी है।

