हॉर्मुज स्ट्रेट में साइप्रस के झंडे वाले जहाज GFS गैलेक्सी पर IRGC का हमला, 11 में से 10 भारतीय बचाए गए- 1 लापता: ओमान तट के तट पर हुआ हमला, भारत ने किया कड़ा विरोध

ओमान के तट पर कमर्शियल जहाज GFS गैलेक्सी पर हुए हमले के बाद भारत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि जहाज पर कुल 11 भारतीय नागरिक सवार थे।

इनमें से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी भी लापता है। उसकी तलाश के लिए सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी हैं। भारत ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा है कि  कमर्शियल जहाजों और नागरिक ढांचे पर हमले तुरंत बंद होने चाहिए।

लापता भारतीय की तलाश जारी, ओमान के साथ मिलकर काम कर रहा भारत

विदेश मंत्रालय ने रविवार (12 जुलाई 2026) को जारी बयान में कहा कि हमले की जानकारी मिलते ही राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर लापता भारतीय नागरिक की तलाश में समन्वय कर रहा है।

भारत सरकार ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का धन्यवाद भी किया है। मंत्रालय ने कहा कि 11 भारतीयों में से 10 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन एक नागरिक अब भी लापता है। उसे जल्द खोजने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

इस बीच अमेरिका की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) का दावा है कि हमले के बाद जहाज में आग लग गई थी। वहीं ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO के मुताबिक, जहाज का चालक दल लाइफबोट के जरिए सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।

भारत ने तनाव कम करने और सुरक्षित समुद्री व्यापार की अपील की

विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंता का विषय हैं। भारत ने सभी पक्षों से तुरंत तनाव कम करने और बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की है।

मंत्रालय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के मुताबिक सभी अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के जहाजों की आवाजाही और व्यापार जल्द बहाल होना चाहिए।

इस घटना के पीछे अमेरिका ने ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी दावों के मुताबिक, इसके जवाब में अमेरिका ने ईरान के कई शहरों और परमाणु ठिकानों पर हमले किए। वहीं ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए UAE, बहरीन, कतर और जॉर्डन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।

होर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने साफ किया है कि समुद्री व्यापार और नागरिक बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत का कहना है कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी देशों को संयम बरतना चाहिए और विवाद का समाधान केवल बातचीत के जरिए निकालना चाहिए।