खालिस्तानी नेटवर्क पर भारत की करारी चोट, UAE से पंजाब लाया गया बब्बर खालसा का मोस्ट वॉन्टेड आतंकी परमिंदर पिंडी: बटाला-गुरदासपुर में पेट्रोल बम से किया था हमला

पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी परमिंदर सिंह पिंडी को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत प्रत्यर्पित कर लिया है। पिंडी कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था और विदेश में छिपा हुआ था।

पंजाब पुलिस के डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अबू धाबी से पिंडी को सफलतापूर्वक भारत लाया गया। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन पंजाब पुलिस की केंद्रीय एजेंसियों और विदेश मंत्रालय के सहयोग से संभव हुआ।

डीजीपी के मुताबिक, बटाला पुलिस द्वारा जारी रेड कॉर्नर नोटिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम 24 सितंबर 2025 को यूएई गई और सभी कानूनी औपचारिकताएँ पूरी कर आरोपित को भारत लाया गया।

पिंडी, विदेश में बैठे आतंकियों हरविंदर सिंह रिंडा और हैप्पी पासिया का करीबी सहयोगी है। वह बटाला-गुरदासपुर क्षेत्र में पेट्रोल बम हमलों, हिंसक वारदातों और जबरन वसूली जैसी घटनाओं में शामिल रहा है।

पिंडी पर दर्ज गंभीर आरोप

परमिंदर सिंह पिंडी पर जबरन वसूली, गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाने, हत्या के प्रयास और आपराधिक धमकी के मामले दर्ज हैं। देश छोड़कर फरार होने के बाद वह यूएई में रह रहा था। पंजाब पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 13 जून को इंटरपोल के जरिए रेड नोटिस जारी करवाया था। इसके बाद यूएई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया।

पंजाब पुलिस ने कहा कि यह सफल कार्रवाई आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति और वैश्विक स्तर पर उसकी मजबूत पहुँच को दर्शाती है। साथ ही, इंटरपोल चैनलों के सहयोग से पिछले कुछ वर्षों में 130 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।