‘मानसिक बीमार हैं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ’: PM मोदी पर टिप्पणी को लेकर तमतमाया भारत, कहा- बेतुकी बातें करते हैं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सेशेल्स में सर्वोच्च सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया गया। इस पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की टिप्पणी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच विवाद खड़ा हो गया है।

आसिफ ने इस सम्मान का मजाक उड़ाते हुए इसे पहले से सेटिंग करके तैयार किया गया अवॉर्ड बताया, जिसके बाद भारत सरकार ने उन पर बेहद तीखा पलटवार किया। भारत सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों ने मीडिया से बातचीत में ख्वाजा आसिफ के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि उन्हें उन विषयों पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए, जिनकी उन्हें समझ नहीं है।

सूत्रों ने कहा, “यह हर कोई जानता है कि ख्वाजा आसिफ मानसिक रूप से अस्थिर हैं। उन्हें मौजूदा जिम्मेदारी सौंपा जाना आज के पाकिस्तान के बारे में बहुत कुछ बताता है। साफ है कि उनके पास दिन भर करने के लिए कोई काम नहीं है। वे उन चीजों पर फालतू की टिप्पणी करके समय बर्बाद करते हैं, जिनका उन्हें कोई ज्ञान नहीं है। नफरत से भरे किसी व्यक्ति के भीतर से जब ईर्ष्या (जलन) बाहर आती है, तो वह बहुत ही घटिया लगती है।”

दरअसल पिछले सप्ताह सेशेल्स दौरे के दौरान पीएम मोदी को पर्यावरण संरक्षण और छोटे द्वीपीय देशों के विकास में योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया था।