‘डेरा गुट को हाजी से बड़ा खतरा’: इंदौर में फिनायल कांड के बाद किन्नर अखाड़ा प्रमुख लक्ष्मी नारायण ने माँगी पुलिस सुरक्षा, आरोपित जल्द हों गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रहे दो गुटों के किन्नरों के बीच विवाद पर किन्नर अखाड़ा प्रमुख लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने एक स्थानीय ‘डेरा’ (बस्ती) के सदस्यों की जान को खतरा बताया है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की माँग की है।

किन्नर अखाड़े की प्रमुख लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा, “हम इस खतरे के बारे में पुलिस को औपचारिक रूप से जल्द ही शिकायत करेंगे। पुलिस को नंदलालपुरा डेरे के सदस्यों को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।” त्रिपाठी ने कहा कि फिनाइल कांड के बाद सपना हाजी को तो गिरफ्तार किया जा चुका है लेकिन उसके तीन साथी इस घटनाक्रम के हफ्ते भर बाद भी पुलिस गिरफ्तारी से दूर हैं। उन्होंने इन तीन फरार आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की भी माँग की।

पुलिस ने बताया कि तीन फरार आरोपित हाशमी, जैन और कुमायूँ की तलाश की जा रही है। उन पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि किन्नरों के दो गुटों पायल गुरु और सपना हाजी के बीच गादी (गद्दी) और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर केस हुआ था। इसी मामले में जून 2025 में दो पत्रकार पंकज जैन और अक्षय उसके डेरे पर आए थे। इन दोनों पर रेप के आरोप लगाए।

पिछले दिनों बुधवार (15 अक्टूबर 2025) को विवाद इतना बढ़ गया कि 24 किन्नरों ने एक साथ फिनायल पी लिया जबकि चार किन्नरों ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की थी।