न माँ की गोद मिली, न जिंदगी का पहला दिन हुआ पूरा: तीसरी बेटी होने से नाराज पिता ने 13 घंटे की नवजात को गोल घोंटकर मारा, दूध पिलाने के बहाने ले गया था बाहर

जिस बच्ची ने इस दुनिया में अभी ठीक से आँखें भी नहीं खोली थीं, जिसकी पूरी दुनिया सिर्फ उसकी पहली साँस और पहली रुलाई तक सीमित थी, उसकी जिंदगी केवल 13 घंटे में खत्म हो गई। उसकी जान किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने पिता ने ले ली। वजह, वजह यह है कि वह तीसरी बार भी बेटी के जन्म से नाराज था।

दिल दहला देने वाली यह घटना राजस्थान के जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित निम्स (NIMS) अस्पताल की है। पुलिस ने बच्ची के पिता रवि कुमार यादव को हिरासत में लिया है। वह कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रवि अपनी गर्भवती पत्नी कोमल देवी को 27 जुलाई को प्रसव के लिए निम्स अस्पताल लेकर आया था। 28 जुलाई की दोपहर करीब 2 बजे सिजेरियन ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ। दंपति की पहले से दो बेटियाँ हैं और तीसरी संतान भी बेटी होने से आरोपित नाराज हो गया।

ऑपरेशन के बाद माँ को अलग वार्ड में रखा गया जबकि नवजात बच्ची को NICU में भर्ती किया गया था। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, आरोपित पिता बच्ची को दूध पिलाने का बहाना बनाकर उसके पास गया और कुछ देर बाद उसे NICU से बाहर भी ले गया। इसके बाद वह बच्ची को वापस वार्ड में लाकर उसके पास बैठ गया।

इसी बीच वार्ड में मौजूद लोगों ने एक अजीब बात नोटिस की। काफी समय तक बच्ची के रोने या किसी तरह की हलचल की आवाज नहीं आई। अन्य मरीज के परिजनों को शक हुआ और उन्होंने डॉक्टरों तथा नर्सिंग स्टाफ को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे से शाम करीब 6:30 बजे तक बच्ची की कोई आवाज नहीं आई। वहीं, अस्पताल कर्मचारियों के मुताबिक रात करीब 3 बजे तक बच्ची रो रही थी और फिर अचानक उसकी आवाज बंद हो गई।

डॉक्टरों ने जब बच्ची की जाँच की तो उसके गले पर नीले निशान मिले और गर्दन पर खून लगा हुआ था। बच्ची को तत्काल ICU में ले जाकर CPR दिया गया लेकिन उसके शरीर में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

निम्स अस्पताल के इंचार्ज के. के. शर्मा ने बताया कि आरोपित बच्ची को दूध पिलाने की बात कहकर NICU से बाहर ले गया था। कुछ समय बाद बच्ची गंभीर हालत में मिली लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने तुरंत चंदवाजी थाना पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुँची पुलिस ने आरोपी पिता रवि कुमार यादव को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसने बच्ची का गला दबाने की बात स्वीकार की है। हालाँकि पुलिस सभी पहलुओं की जाँच कर रही है और अस्पताल के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। चंदवाजी थाना पुलिस ने नर्सिंग स्टाफ की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।