राजस्थान के जयपुर में सोमवार (3 नवंबर 2025) की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को हिला कर रख दिया। हरमाड़ा इलाके के लोहा मंडी क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने अनियंत्रित होकर एक के बाद एक 17 वाहनों को टक्कर मार दी। इस भयावह दुर्घटना में अब तक 14 लोगों की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि 40 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहा था और कई वाहनों व राहगीरों को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। हादसे का दृश्य इतना भीषण था कि कई मृतकों के शरीर के अंग अलग हो गए और सड़क खून से लाल हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसा तब हुआ जब डंपर लोहा मंडी पेट्रोल पंप की दिशा से रोड नंबर 14 से होते हुए हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने बेकाबू होकर गाड़ियों को रौंदना शुरू कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में भी देखा गया कि डंपर चालक गलत दिशा से आते हुए बेकाबू रफ्तार में वाहनों को टक्कर मारता जा रहा था। स्थानीय लोगों ने आरोपित ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। शुरुआती जाँच में सामने आया है कि ड्राइवर नशे में था।
स्थानीय लोगों ने कपड़ों और गमछों से ढककर घायलों को भेजा अस्पताल
इस हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट किया और मौके से डंपर को हटाने के प्रयास शुरू किए। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजने में मदद की। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को अलर्ट पर रखा गया है।
हादसे की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि डंपर की चपेट में आई कई कारें और बाइकें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं और शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कई घायलों के कपड़े तक फट गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कपड़ों और गमछों से ढककर अस्पताल भेजा।
पुलिस ने पूरे मामले की जाँच शुरू कर दी है और कहा है कि हादसे का पूरा सीसीटीवी फुटेज बरामद कर लिया गया है।

