2 महीने में 700+ ड्रग तस्कर गिरफ्तार, ₹45 करोड़ की संपति जब्त: जम्मू-कश्मीर में नशा माफियाओं पर ताबड़तोड़ एक्शन, 598 FIR दर्ज

जम्मू-कश्मीर में नशामुक्त अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार और नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है। पिछले दो महीने में 700 से ज्यादा ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और ₹45 करोड़ से अधिक की संपत्ति को जब्त और ध्वस्त किया गया है।

सोमवार (15 जून 2026) को नशामुक्त अभियान के दो महीने की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंडल आयुक्त रमेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक जम्मू जोन भीम सेन ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। मंडल आयुक्त रमेश कुमार ने सभी उपायुक्तों को डेटा आधारित हॉटस्पॉट प्रबंधन करने और नए उभरते नशा केंद्रों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

इसी के साथ बैठक में जानकारी दी गई कि ड्रग तस्करों के खिलाफ कुल 598 FIR दर्ज की गई, जिनमें से अब तक 701 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है जबकि जम्मू में ड्रग्स से जुड़ी गतिविधियों वाले 155 हॉटस्पॉट की पहचान की गई।

बताया गया कि ड्रग तस्करों के खिलाफ 24 PIT-NDPS डिटेंशन ऑर्डर भी जारी किए गए और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए। इनमें 14 किलों से ज्यादा हेरोइन, 49 किलो गाँजा, 3,712 किलो चरस और 204.5 किलो पोस्ता भूसा (Poppy Straw) शामिल है।

इसके अलावा ड्रग तस्करों की ₹19.30 करोड़ की 62 अचल संपत्तियाँ को ध्वस्त किया गया है। साथ ही ₹24.868 करोड़ की 21 अचल संपत्तियाँ और ₹1.69 करोड़ की चल संपत्तियों को जब्त या अटैच किया गया है।