जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की लखनपुर पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध आर्थिक लेनदेन के मामले में उत्तराखंड के हरिद्वार से सोनम नाम की एक युवती को गिरफ्तार किया है। सोनम हरिद्वार के कलियर क्षेत्र की रहने वाली है और पेशे से टीचर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवती लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रही थी और इसी दौरान वह एक ऐसे नेटवर्क के संपर्क में आई, जो संदिग्ध बैंक खातों के जरिए बड़ी रकम का लेनदेन कर रहा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि सोनम की मुलाकात धनोरी में रहने वाली अपनी एक सहेली के माध्यम से उमर नाम के व्यक्ति से हुई थी।
उमर ने उसे ज्यादा कमाई का लालच दिया और धीरे-धीरे उसे इस नेटवर्क में शामिल कर लिया। जाँच के दौरान पता चला कि उमर और उसके रिश्तेदारों ने सोनम को कई बैंक खातों की चेकबुक, पासबुक और ATM कार्ड कूरियर के जरिए भेजे थे। इन खातों में अलग-अलग जगहों से पैसे जमा किए जाते थे, जिन्हें बाद में दूसरे खातों में ट्रांसफर कराया जाता था।
सोनम ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने अब तक करीब 20 लाख रुपए विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए। कुछ रकम UPI के जरिए भेजी गई, जबकि कुछ पैसे ATM से निकालकर आगे पहुँचाए गए। इसके बदले उसे करीब 2 लाख रुपए कमीशन मिला था।
हरिद्वार के SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामले का मुख्य मुकदमा जम्मू-कश्मीर में दर्ज है, इसलिए आगे की जाँच वहीं की पुलिस कर रही है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों, खाताधारकों और सोनम के संपर्क में रहे अन्य लोगों की भी जाँच कर रही है।

