बिहार के जहानाबाद में खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने अपनी भाभी का सिर सिर्फ इसलिए धड़ से अलग कर दिया कि क्योंकि उसने खाना बनाने में देरी हो गई थी। इसके बाद उसने कटा हुआ सिर घर के पास बरगद के पेड़ पर टाँग दिया। इस वारदात के बाद पूरे इमादपुर गाँव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान अंशु देवी (करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे और अंशु देवी घर पर अकेली थीं।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उनका देवर कुणाल कुमार खेत से काम करके घर लौटा और खाने के लिए खाना माँगा। खाना परोसने में थोड़ी देरी होने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुणाल ने घर में रखा गड़ासा उठाकर अंशु देवी पर हमला कर दिया। गर्दन पर किए गए वार से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद भी आरोपित नहीं रुका। उसने अंशु देवी का सिर धड़ से अलग किया और उसे घर के पास स्थित बरगद के पेड़ पर टाँग दिया। इसके बाद वह घटनास्थल के आसपास ही बैठा रहा।
घटना का खुलासा तब हुआ जब गाँव से गुजर रहे लोगों ने पेड़ पर कटा हुआ सिर लटका देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही परस बिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल किए जाने वाले गड़ासे को भी जब्त कर लिया है। आरोपित फिलहाल पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
परस बिगहा थाना प्रभारी सर्व नारायण ने बताया कि शुरुआती जाँच में खाना परोसने में हुई देरी को लेकर विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है। हालाँकि, पुलिस सभी पहलुओं की जाँच कर रही है और हत्या के सही कारण का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

