झारखंड के धनबाद में रविवार (8 मार्च 2026) को पुलिस और कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटरों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। यह घटना धनबाद पब्लिक स्कूल के पास हुई, जिसमें प्रिंस खान का एक शूटर और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य इलाके में लेवी और रंगदारी वसूलने पहुँचे हैं। इस सूचना पर पुलिस की टीम तुरंत सक्रिय हुई और संदिग्ध अपराधियों की तलाश में स्कूल के आसपास पहुँची। जैसे ही पुलिस टीम वहाँ पहुँची, अपराधियों ने पुलिस को देखते ही बम और गोलीबारी से हमला कर दिया।
अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई शुरू की। दोनों तरफ से कुछ देर तक तेज फायरिंग हुई। पुलिस की गोली लगने से प्रिंस खान का एक शूटर गंभीर रूप से घायल हो गया। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी को भी गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस ने मौके से घायल शूटर को कब्जे में ले लिया है और उसका इलाज कराया जा रहा है। इस घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का संकेत दिया है और जाँच जारी है।

