झारखंड के गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में 14 साल की नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ अपहरण और दुष्कर्म का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। मुख्य आरोपित तौहिद अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी हसन अंसारी अभी फरार है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा एक निजी स्कूल में पढ़ती है। तौहिद कई महीनों से उसका पीछा कर परेशान करता था और जबरदस्ती बात करने का दबाव डालता था। 18 अगस्त 2025 को सुबह स्कूल जाते वक्त तौहिद ने सुनसान जगह पर छात्रा को बाइक पर बिठा लिया। फिर हसन अंसारी कार लेकर आया और दोनों उसे घाघरा प्रखंड के मसरिया डैम ले गए। वहाँ तौहिद ने जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म किया।
घटना की जानकारी छात्रा के घर लौटने पर परिवार को मिली। पीड़िता की माँ की शिकायत पर सिसई पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। तौहिद को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुलिस हसन की तलाश में छापेमारी कर रही है।

