उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात के बिल्हौर क्षेत्र में अरौल पुलिस ने डकैती और हत्या के मामले में करीब 10 साल से फरार चल रहे बावरिया गिरोह के शातिर बदमाश फिरोज को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित मकनपुर निवासी कल्लू उर्फ फिरोज पर कानपुर पुलिस ने 25 हजार और जौनपुर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में बिल्हौर थाना क्षेत्र के खाड़ामऊ गाँव में डकैती के दौरान घर के मालिक राजा सिंह की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। जाँच में उसकी पहचान बावरिया गिरोह के सरगना रहे सलीम के भतीजे फिरोज के रूप में हुई।
इसके अलावा वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज क्षेत्र में भी डकैती के दौरान एक व्यक्ति की हत्या में उसका नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार, आरोपित घटना के बाद राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और झारखंड समेत कई राज्यों में नाम बदलकर छिपता रहा।
अरौल इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव की अगुवाई में टीम ने मुखबिर की सूचना पर मकनपुर क्षेत्र के सिंघौली गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

