‘दिवाली पर अयोध्या में होगा अंधेरा’: खालिस्तानी आतंकी पन्नू की प्रवासी मजदूरों को धमकी, कहा- ‘बंदी छोड़ दिवस’ पर ही जलाएँ दीया वरना 19 अक्टूबर तक छोड़ें पंजाब

खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) ने एक बार फिर भड़काऊ वीडियो जारी किया है। संगठन का प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब में रहने वाले दूसरे राज्यों के लोगों को धमकी दी है कि अगर वे दिवाली मनाते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पन्नू ने कहा कि पंजाब में सिर्फ वही लोग रहेंगे जो दिवाली के बजाय ‘बंदी छोड़ दिवस‘ पर दीपमाला करेगा। पन्नू ने इस साल 2025 दिवाली पर अयोध्या में अंधेरा करने की बात भी कही हैं। पन्नू ने दूसरे राज्यों से आए लोगों को 19 अक्टूबर 2025 तक पंजाब छोड़ने की भी धमकी दी।

गुरपतवंत सिंह पन्नू ने एक और विवादित बयान में दावा किया है कि पंजाब भारत का हिस्सा नहीं है। उसने कहा कि तय तारीख (19 अक्टूबर 2025) तक बटाला रेलवे स्टेशन पर खालिस्तानी हमले या छापेमारी की जाएगी। पन्नू ने हिंदुत्व के खिलाफ जहर उगला और कहा कि जो लोग हिंदुत्व की सोच को बढ़ावा दे रहे हैं, उन्हें पंजाब छोड़ना होगा। अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो उन्हें इसके गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।

पन्नू ने एक वीडियो में बटाला रेलवे स्टेशन के बोर्ड और बिजली के डब्बों पर खालिस्तान के नारे दिखाए और दावा किया कि ये उनके समर्थकों ने लिखे हैं। पन्नू ने अचलेश्वर धाम मंदिर का भी जिक्र किया और पंजाब के DGP गौरव यादव को सीधे धमकी दी कि वह मान सरकार को ‘बर्बाद‘ कर देगा।

पंजाब में प्रवासियों के खिलाफ नफरत, दहशत में मजदूर

पंजाब के होशियारपुर में एक 5 साल के बच्चे की मौत के मामले में एक प्रवासी मजदूर का नाम सामने आने के बाद राज्य में प्रवासियों के खिलाफ गुस्सा बढ़ गया है। इस घटना को लेकर कुछ खास समूह, भारत विरोधी ताकतें और अलगाववादी संगठन माहौल को और भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। इस नाराजगी का सबसे ज़्यादा असर बिहार और उत्तर प्रदेश से आए लोगों पर देखा जा रहा है।

होशियारपुर और आसपास के जिलों की 25 से ज्यादा पंचायतों ने घटना के बाद प्रवासी मजदूरों के खिलाफ प्रस्ताव पास किए हैं। हर गाँव के नियम थोड़े अलग थे, लेकिन सभी ने साफ कहा कि जिनके पास पंजाब के दस्तावेज नहीं हैं, वे यहाँ नहीं रह सकते। कुछ गाँवों ने तो एक हफ्ते के अंदर ऐसे मजदूरों को गाँव छोड़ने का आदेश दे दिया। इस फैसले के बाद डर के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर पंजाब से पलायन करने लगे हैं।

‘प्रवासी मजदूरों के बिना ठप हो जाएगा पंजाब’- उद्योग जगत चिंतित

इस बीच बठिंडा और लुधियाना से भी प्रवासी मजदूरों को लेकर धमकियों की खबरें सामने आई हैं। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ लोग खुद को सतर्क नागरिक बताकर प्रवासी मजदूरों को पंजाब छोड़ने की बात कर रहे हैं। सड़क पर काम करने वाले दूसरे राज्यों के रेहड़ी-पटरी वालों को भी चेतावनी दी जा रही है कि वे जल्दी से जल्दी यहाँ से चले जाएँ।

एक तरफ जहाँ पंजाब में प्रवासियों के खिलाफ नफरत फैल रही है, वहीं दूसरी तरफ उद्योग जगत ने चेतावनी दी है। लुधियाना के एक बड़े उद्योगपति बदिश जिंदल ने मुख्यमंत्री को एक चिट्ठी लिखी है। बदिश जिंदल ने कहा है कि प्रवासी मजदूर पंजाब के उद्योग, खेती, दुकानों और घरों की रीढ़ हैं। अगर ये लोग चले गए, तो पंजाब की अर्थव्यवस्था को बहुत बड़ा नुकसान होगा।

बदीश जिंदल ने चेतावनी दी कि अगर प्रवासी मजदूरों को ऐसे ही डराकर भगाया गया, तो पंजाब की इंडस्ट्री और सप्लाई सिस्टम पूरी तरह टूट सकती है। इससे सिर्फ पंजाब के कारोबारी नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से जाने वाला निर्यात भी प्रभावित होगा। बदीश जिंदल ने सरकार से अपील की कि वह प्रवासियों के खिलाफ नफरत फैलाने वालों को रोके और मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करे। बदीश जिंदल ने इसे ‘पंजाब को बर्बाद करने की साजिश’ बताया है।