मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार इलाके के गुराड़ी घाट गाँव में देश के करीब 50 IAS और IPS अधिकारियों द्वारा खेती की बेशकीमती जमीन खरीदे जाने के मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है। यहाँ जमीन खरीदे जाने के 16 महीनों में ही 3200 करोड़ रुपए का वेस्टर्न बायपास मंजूर हुआ और जमीन की कीमत 11 गुना बढ़ गई। दैनिक भास्कर के इस मामले की खुलासा करते हुए एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की थी।
अब, दैनिक भास्कर की इस रिपोर्ट में बताया गया है कि इसमें सिर्फ मध्य प्रदेश कैडर ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, तेलंगाना, हरियाणा कैडर और दिल्ली में पदस्थ कई IAS-IPS अफसर भी शामिल हैं और उनमें से कई के नाम भी बताए गए हैं। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में जिन अधिकारियों का जिक्र हैं उनमें 2003 बैच के IAS अघिकारी शैलेश कुमार जाखोटिया, 2016 बैच की IAS अधिकारी जयति सिहं, 2016 बैच के IAS अधिकारी और विदिशा के मौजूदा कलेक्टर अंशुल गुप्ता का नाम भी शामिल है।
साथ ही, IAS मयंक अग्रवाल, IPS यांगचे डोलकर भूटिया, IPS निशीथ मिश्रा, IAS रजनी सिंह, IAS प्रवीण सिंह अडायच, IAS चाहत बाजपेयी, IPS अंशु सिंगला, IAS साकेत मालवीय का नाम भी इसमें शामिल है। इसमें IPS यतिंद्र कोयल के पुत्र दीप कोयल और रिटायर्ड IPS मुकेश जैन की पत्नी रितु जैन का भी नाम है। इसके अलावा इस लिस्ट में कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं। हालाँकि, इन लोगों का IAS-IPS अधिकारियों से कोई लिंक है कि नहीं इसकी कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

