मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने नकली नोटों के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। कोहेफिजा पुलिस ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले 27 वर्षीय सैफुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है, जो खुद को फर्जी तरीके से ‘MBBS डॉक्टर’ बताता था।
सैफुल इस्लाम के पास से 1.4 लाख रुपए के नकली नोट (500 के 280 नोट) बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, सैफुल इस्लाम पिछले 10 दिनों में भोपाल के बाजारों में करीब 60 हजार रुपए के नकली नोट खपा चुका है।
वह असली 300 रुपए लेकर बदले में नकली 500 का नोट देता था। उसने 2 लाख के जाली नोट बंगाल से सिर्फ 60 हजार रुपए में खरीदे थे। आरोपित के पास से विदेशी नंबर (+44 सीरीज) वाला सिम और आईफोन भी मिला है।
जाँच में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि इस गिरोह के तार पश्चिम बंगाल से होते हुए नेपाल, बांग्लादेश और पाकिस्तान तक जुड़े हो सकते हैं। आरोपित वॉट्सऐप कॉल के जरिए नेटवर्क चलाता था।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि भोपाल में उसके मददगार कौन थे और उसने अब तक कहाँ-कहाँ ये नोट चलाए हैं। फिलहाल आरोपित पुलिस रिमांड पर है।

