मध्य प्रदेश के दमोह में शिव मंदिर के सामने माँस बेचने का विरोध करने में हिंदू युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक का नाम राकेश है, जिसे सावन के महीने और कांवड़ यात्रा के बीच पठानी मोहल्ला में शुक्रवार (11 जुलाई 2025) को मार डाला गया। बताया जा रहा था कि घटना के समय मृतक राकेश रैकवार उर्फ रक्के अपनी बीमार माँ नन्नी बाई को डॉक्टर के पास ले जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की माँ के अनुसार यह हादसा नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के साथ हत्या की गई है। आरोप है कि कार अकील खान चला रहा था और उसके पिता नासिर खान ने हत्या का इशारा किया।
रिपोर्टस के अनुसार, अजमेरी गार्डन स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने अकील और नासिर खान अवैध रूप से माँस की दुकान चला रहे थे, जिसका स्थानीय लोग लंबे समय से विरोध कर रहे थे। राकेश रैकवार इस विरोध की अगुवाई कर रहा था। शुक्रवार को इसी मुद्दे पर बहस के बाद शाम को उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने घटना को हत्या मानते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और कार जब्त कर ली गई है।

