मध्य प्रदेश के रतलाम में गुरुवार (28 मई 2026) को उस समय तनाव फैल गया जब वहाँ गाय का एक कटा हुई सिर मिला। इस घटना के बाद स्थानीय संगठनों में आक्रोश फैल गया और वे मौके पर पहुँच गए।
उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर कार्रवाई की माँग की। प्रदर्शन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की माँग की। उन्होंने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम दिया। प्रदर्शनकारी गनी शक्तावत ने बताया कि यह सिर्फ अवशेष नहीं थे बल्कि गाय के शरीर का आधा हिस्सा था।
मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुँचकर स्थिति को काबू करने में जुट गए। अधिकारियों ने कहा कि जाँच के बाद कार्रवाई की जाएगी और अवैध झोपड़ियों को हटाया जाएगा। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जाँच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह क्षेत्र नगर निगम और निजी जमीन का मिश्रित हिस्सा है और यहाँ पहले भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि अवैध निर्माण हटाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में हैं लेकिन इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं और पूरे मामले की जाँच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

