बकरीद पर हिंदू के घर के बाहर फेंका गया मांस, इलाके में तनाव बढ़ा: MP के उज्जैन का मामला

मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक हिंदू परिवार के घर के बाहर मांस का टुकड़ा मिलने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। यह घटना गुरुवार (28 मई 2026) की सुबह बकरीद के दिन की है। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसे ईद के मौके पर हिंदुओं को परेशान करने की कोशिश बताते हुए कार्रवाई की माँग की है।

जानकारी के मुताबिक, गाँधीनगर निवासी स्नेहलता गुप्ता ने बताया कि उन्होंने सुबह रोज की तरह घर के बाहर सफाई की थी। कुछ देर बाद जब वह दोबारा बाहर आईं तो घर के गेट के पास पॉलीथिन में मांस के टुकड़े पड़े दिखाई दिए। यह देखकर उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को खबर दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और हालात को शांत कराया। पुलिस ने आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए और इलाके में लगे CCTV कैमरों की जाँच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ शरारती तत्व आपसी सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, टीआई विवेक कनोडिया ने कहा कि मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मांस का टुकड़ा किसी पक्षी या जानवर के जरिए भी वहाँ पहुँच सकता है। फिलहाल पुलिस इलाके में निगरानी बढ़ाकर पूरे मामले की जाँच कर रही है।