महाराष्ट्र की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। एनसीपी (अजित गुट) की विधायक दल की बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से नया नेता चुन लिया गया है। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार अब महाराष्ट्र की अगली डिप्टी सीएम के रूप में शपथ लेंगी। शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे होगा।
इस फैसले पर मुहर लगते ही विधान भवन में जश्न का माहौल है। बैठक की शुरुआत में दिवंगत नेता अजित पवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई, जिसके बाद पार्टी ने भविष्य की कमान सुनेत्रा पवार के हाथों में सौंपने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने जानकारी दी कि विधायकों, सांसदों और दिग्गज नेताओं ने एकजुट होकर यह फैसला लिया है। छगन भुजबल ने सुनेत्रा पवार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे हसन मुश्रीफ और प्रफुल्ल पटेल समेत सभी नेताओं ने समर्थन दिया।
तटकरे ने स्पष्ट किया कि पार्टी की अगली रणनीति के लिए यह चुनाव बेहद अहम है। साथ ही, अजित दादा की अस्थियों को पूरे महाराष्ट्र में ले जाने का निर्णय भी लिया गया है। इस बड़े बदलाव से राज्य की राजनीति में नई हलचल शुरू हो गई है।

