अरमान शेख ने हिंदू नाबालिग को फँसाकर 2 साल तक किया यौन शोषण, 18 का होते ही ले गया निकाह करने: हिंदू संगठन ने लड़की को बचाया, महाराष्ट्र पुलिस ने ‘दर्जी’ को पकड़ा

महाराष्ट्र के भिवंडी में एक हिंदू लड़की को जबरन निकाह के जाल से छुड़ाया गया है। पुलिस ने इस मामले में अरमान शेख नाम के 20 वर्षीय दर्जी को गिरफ्तार किया है। अरमान पर आरोप है कि उसने लड़की के नाबालिग रहते हुए उसका यौन शोषण किया और अब 18 साल की होने पर उसे डरा-धमकाकर अंतरधार्मिक विवाह (निकाह) के लिए मजबूर कर रहा था। पुलिस ने अरमान के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और बलात्कार की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सोशल मीडिया पर बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, अरमान शेख और पीड़िता 2024 में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आए थे। उस समय लड़की नाबालिग थी। अरमान ने उसकी मासूमियत का फायदा उठाकर दो साल तक शारीरिक संबंध बनाए और उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पिछले महीने जैसे ही लड़की 18 वर्ष की हुई, अरमान ने उस पर शादी का दबाव बढ़ा दिया। 6 मार्च को लड़की को निकाह के लिए भिवंडी लाया गया था।

ऐन वक्त पर पहुँचे हिंदू संगठन

निकाह की रस्म शुरू होने से ठीक पहले लड़की के रिश्तेदारों ने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुँचकर निकाह रुकवाया और लड़की को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उसे पुलिस के हवाले किया गया, जहाँ लड़की ने अपनी आपबीती सुनाई। एसीपी सुहास हेमाडे ने बताया कि पीड़िता ने अरमान पर लगातार दबाव बनाने और शोषण करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले की विस्तृत जाँच जारी है।