भारत के MEA की फैक्ट-चेक यूनिट ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को फर्जी और AI से बनाया गया डीपफेक बताया है। इस वीडियो में मेजर जनरल सीएस मान को भारत, इजराइल, ईरान और ‘अखंड भारत’ को लेकर विवादित बयान देते हुए दिखाया जा रहा था।
दरअसल सोशल मीडिया पर फैलाए गए वीडियो में दावा किया जा रहा था कि भारतीय सेना के आर्मी डिजाइन ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल सीएस मान कह रहे हैं कि भारत, इजराइल और अमेरिका मिलकर ईरान के खिलाफ कार्रवाई में मदद कर रहे हैं। वीडियो में यह भी दिखाया गया कि अगर इजराइल ईरान को कमजोर कर देता है तो पाकिस्तान को तीन तरफ से घेरा जा सकता है और इससे ‘अखंड भारत’ का रास्ता खुलेगा।
Deepfake Video Alert!
— MEA FactCheck (@MEAFactCheck) March 13, 2026
This is an AI generated video intended to spread disinformation! Please stay alert against such fake videos and content on social media. pic.twitter.com/Etb0ocOmmc
हालाँकि MEA ने साफ किया कि यह वीडियो पूरी तरह से AI से तैयार किया गया डीपफेक है और इसमें दिखाए गए बयान असली नहीं हैं। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि असली वीडियो में मेजर जनरल सीएस मान ड्रोन सुरक्षा और परीक्षण से जुड़े एक फ्रेमवर्क के बारे में बात कर रहे थे।
विदेश मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि ऐसे भ्रामक वीडियो से सावधान रहें और किसी भी वायरल दावे को साझा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें।

