मोदी सरकार ने दिनेश त्रिवेदी को भेजा बांग्लादेश, हाई कमिश्नर बनाकर दिया कूटनीतिक संदेश: अब पड़ोसी देशों में मजबूत राजनीतिक चेहरे संभालेंगे जिम्मेदारी

भारत सरकार ने एक अहम कूटनीतिक फैसला लेते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का नया उच्चायुक्त नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वह मौजूदा राजनयिक प्रणय वर्मा की जगह लेंगे, जिन्हें अब यूरोपीय संघ में भारत का राजदूत बनाकर ब्रुसेल्स भेजा जा रहा है।

खास बात यह है कि लंबे समय बाद किसी करियर डिप्लोमैट की जगह एक राजनीतिक चेहरे को पड़ोसी देश में इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है।

कूटनीति में बदलाव का संकेत और बांग्लादेश पर खास फोकस

यह फैसला सिर्फ एक नियुक्ति नहीं, बल्कि भारत की कूटनीतिक रणनीति में बदलाव का संकेत भी माना जा रहा है। आमतौर पर विदेश मंत्रालय ऐसे पदों पर भारतीय विदेश सेवा (IFS) के अधिकारियों को भेजता है, लेकिन इस बार सरकार ने एक अनुभवी राजनीतिक नेता पर भरोसा जताया है। नरेंद्र मोदी सरकार का मानना है कि त्रिवेदी जैसे अनुभवी नेता बांग्लादेश जैसे संवेदनशील पड़ोसी देश में रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाल सकते हैं।

दिनेश त्रिवेदी पहले UPA सरकार में रेल मंत्री और स्वास्थ्य राज्य मंत्री रह चुके हैं और लंबे समय तक अखिल भारतीय तृणमूल कॉन्ग्रेस से जुड़े रहे। साल 2021 में उन्होंने पार्टी छोड़कर BJP जॉइन की थी।

यह नियुक्ति भारत और बांग्लादेश के रिश्ते हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद सुधार के दौर में हैं। भारत अब अपने पड़ोसी देशों में मजबूत और प्रभावशाली प्रतिनिधि भेज रहा है, ताकि कूटनीतिक मामलों को ज्यादा सीधे और प्रभावी तरीके से संभाला जा सके। त्रिवेदी का अनुभव और राजनीतिक समझ आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।