‘मोहम्मद दीपक’ बनकर वायरल हुआ जिम संचालक अब इंडियन एक्सप्रेस के सहारे खेल रहा विक्टिम कार्ड, किराया न भर पाने पर दुकान बंद होने की आई नौबत

उत्तराखंड में ‘मोहम्मद दीपक’ के नाम से चर्चा में आए जिम संचालक दीपक कुमार अब इंडियन एक्सप्रेस की सहायता लेकर खुद को पीड़ित बताकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। जनवरी में वायरल हुए एक वीडियो के बाद दीपक सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने एक मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े होकर खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया था।

इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। 26 जनवरी को कुछ लोग एक दुकानदार की दुकान पर लिखे ‘बाबा’ शब्द हटाने को लेकर विरोध कर रहे थे। इसी दौरान दीपक बीच में आए और अपनी पहचान ‘मोहम्मद दीपक’ बताई, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद कई हिंदू संगठनों ने उनके रवैये पर नाराजगी जताई।

इंडियन एक्सप्रेस ने अब विक्टिम कार्ड खेलते हुए बताया है कि दीपक के जिम पर भी इसका असर पड़ा। पहले जहाँ बड़ी संख्या में लोग उनके जिम में आते थे, वहीं बाद में सदस्य कम हो गए। दीपक अपने जिम का किराया समय पर नहीं चुका पाए हैं। बताया जा रहा है कि चार महीने से किराया बकाया होने के कारण मकान मालिक ने अब जिम खाली करने को कहा है।

दीपक का कहना है कि आर्थिक तंगी के चलते वह घर की EMI और बच्चों की फीस तक भरने में दिक्कत महसूस कर रहे हैं। मार्च में उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज FIR को रद्द कराने के लिए उत्तराखंड हाई कोर्ट का रुख भी किया था। कोर्ट ने जाँच में सहयोग करने और सोशल मीडिया पर वीडियो या संदेश साझा न करने की सलाह देते हुए याचिका का निपटारा कर दिया।