मेरठ में हिंदू नर्स की हत्या, पूर्व सहकर्मी सूफियान और बहन साजिदा गिरफ्तार: निकाह और धर्मांतरण से इन्कार करने पर गला दबाकर मारा

उत्तर प्रदेश के मेरठ के थाना मेडिकल क्षेत्र में स्थित लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की संविदा नर्स अंजली शर्मा की हत्या का मामला सामने आया है। अंजली के पूर्व सहकर्मी सूफियान पर धर्म परिवर्तन कर निकाह का दबाव बनाने के आरोप है। पुलिस ने मुख्य आरोपित सूफियान और उसकी बहन साजिदा को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों का कहना है कि अंजली के इंकार करने पर सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर छोड़कर मामले को आत्महत्या या सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की गई।

ड्यूटी पर जाने के बाद अचानक लापता हुई अंजली

जागृति विहार निवासी अंजली शर्मा मेडिकल कॉलेज में संविदा नर्स के तौर पर तैनात थी। गुरुवार (21 मई 2026) की सुबह वह घर से ड्यूटी के लिए निकली थी, लेकिन अस्पताल नहीं पहुँची। दोपहर करीब एक बजे सूफियान की बहन साजिदा उसे ई-रिक्शा में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँची और उसकी लाश को इमरजेंसी के बाहर छोड़कर चली गई।

अस्पताल कर्मचारियों ने अंजली को पहचान लिया और तुरंत अंदर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जाँच के दौरान साजिदा की पहचान हुई। जाँच में पता चला कि उसका भाई सूफियान पहले मेडिकल कॉलेज में काम कर चुका था और अंजली के संपर्क में था।

पुलिस के मुताबिक, सूफियान लगातार अंजली पर निकाह और धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था, लेकिन अंजली इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी के चलते लोहियानगर स्थित मकान पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद शव अस्पताल छोड़कर भागे आरोपित

पुलिस जाँच के अनुसार, हत्या के बाद सूफियान ने अपनी बहन साजिदा की मदद से शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। अंजली के शव को ई-रिक्शा में मेडिकल कॉलेज लाया गया। रास्ते में ई-रिक्शा चालक को बताया गया कि महिला की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाना है।

इमरजेंसी के बाहर शव छोड़ने के बाद साजिदा फरार हो गई। हालाँकि कुछ ही घंटों में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर सूफियान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।