अनस पठान ने भगवान श्रीराम पर किया अपमानजनक पोस्ट, UP पुलिस ने 24 घंटे में धरा: अब लंगड़ाते हुए माँग रहा माफी

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी करने वाले अनस पठान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला थाना प्रेम नगर क्षेत्र का है। अनस पठान ने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर भगवान श्रीराम को लेकर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए अवध भाषा में एक पोस्ट लिखकर उसे कई ग्रुपों में वायरल किया था।

पोस्ट वायरल होते ही हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। इसे धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला बताते हुए लोगों ने पुलिस और साइबर सेल से शिकायत की। शिकायत मिलते ही बरेली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट्स और पोस्ट के सभी सबूत जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने आरोपित का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने हाथ जोड़कर माफी माँगी है। वह वीडियो में कह रहा है कि उससे गलती हो गई है और बार-बार माफी की गुहार लगा रहा है। अनस के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी धर्म, समाज या किसी समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम ने कहा कि बरेली पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की जाएगी तो तुरंत कड़ी कार्रवाई होगी।

हिंदू संगठनों ने बरेली पुलिस की तेजी और निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना की है। उन्होंने कहा कि यह केवल भगवान श्रीराम का अपमान नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान था। इस सख्त कार्रवाई से अब कोई भी व्यक्ति धर्म या आस्था के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं करेगा।