उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मुस्लिम युवकों के गंगा नदी में नाव पर इफ्तार पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गंगा नदी के बीच पार्टी करते हुए फल और मेवा के साथ-साथ बिरयानी भी परोसी गई थी। इस घटना के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने FIR दर्ज कराई थी और पुलिस ने इस मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार (16 मार्च 2026) को एक मुस्लिम युवक ने रोजा इफ्तार का कार्यक्रम रखा था और रोजेदारों को गंगा घाट पर बुलाया था। घटना के वायरल वीडियो में एक बड़े भगोने से खाना खाते दिखे। रजत जायसवाल ने शिकायत में बताया है कि लोगों ने चिकन बिरयानी खाई और उसकी हड्डियों को गंगा नदी में फेंक दिया था।
रजत जायसवाल का कहना है कि इससे सनातनियों की भावनाएँ आहत हुई हैं और मुस्लिम समुदाय के युवा जानबूझकर जेहादी मानसिकता को बढ़ा दे रहे हैं। उन्होंने नाव के चालक के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की माँग की है।

