बुर्के में छात्रा को एंट्री, परीक्षार्थियों के कलावा-तुलसी माला उतरवाए: NEET री-एग्जाम के दौरान सेंटर में प्रवेश से पहले कान की बालियाँ भी काटी

NEET-UG 2026 के री-एग्जाम में कई परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को प्रवेश से पहले कलावा उतरवाना पड़ा, चश्मे तक उतरवाकर जाँच की गई और कुछ छात्रों को फुल बाजू कपड़े बदलकर परीक्षा देने जाना पड़ा। हालाँकि इसी बीच राजस्थान के अजमेर के सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर बुर्का पहन कर पहुँची छात्रा को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दे दी गई।

राजस्थान के कोटा में री-एग्जाम के लिए 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहाँ प्रशासन और पुलिस ने कड़ी निगरानी रखी। दादाबाड़ी स्थित मोदी स्कूल परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की विस्तृत जाँच की गई और एक छात्र के चश्मे को उतरवाकर चेक किया गया। हालाँकि इसी केंद्र पर कुछ परीक्षार्थियों के हाथ में बँधे कलावे भी खुलवाए गए, जबकि ऐसा नियम नहीं है।वहीं सूरत में एक छात्रा के तुलसी माला भी उतरवाए गए।

जेडीबी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर फुल बाजू शर्ट पहनकर पहुँचे छात्र को शर्ट उतारनी पड़ी और वह बनियान में परीक्षा देने गया। वहीं मोदी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्र की फुल बाजू टी-शर्ट की बाजू हटाने के बाद उसे प्रवेश दिया गया। दूसरी तरफ अजमेर के सावित्री स्कूल परीक्षा केंद्र पर ब्यावर की परीक्षार्थी कुलसुम बुर्का पहनकर पहुँची थी।

सुरक्षा जाँच के दौरान उसे शुरुआत में रोका गया, जिसके बाद अधिकारियों और परिजनों के बीच बातचीत हुई। बाद में जाँच प्रक्रिया पूरी होने पर छात्रा को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया। उत्तर प्रदेश में भी री-एग्जाम के दौरान कई जगहों पर कड़ी जाँच देखने को मिली। आजमगढ़ में जूते-मोजे और बालों की जाँच के बाद प्रवेश मिला।

लखनऊ में भी हिजाब पहनकर पहुँचीं अभ्यर्थियों को विस्तृत जाँच के बाद एंट्री दे दी गई। वहीं नोएडा में भी कुछ अभ्यर्थियों को कलावा और ज्वैलरी हटानी पड़ी, जबकि झाँसी में कान में बाली पहनकर पहुँचे अभ्यर्थी को बाली उतारने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।