राज्यसभा जाएँगे नितिन नबीन, BJP ने 6 राज्यों से 9 उम्मीदवारों के नाम का किया ऐलान

भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 6 राज्यों से कुल 9 नेताओं को मैदान में उतारने का फैसला किया है। इस सूची में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बिहार से उम्मीदवार बनाया गया है। उनके साथ शिवेश कुमार भी बिहार से दावेदार होंगे।

पार्टी ने असम से तेराश गोवाला और जोगेन मोहन को मौका दिया है। छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार घोषित किया गया है। हरियाणा की सीट के लिए संजय भाटिया को चुना गया है। ओडिशा से प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को टिकट मिला है जबकि पश्चिम बंगाल से राहुल सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है।

राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 26 फरवरी को जारी हुई थी और नामांकन की अंतिम तारीख 5 मार्च तय की गई है। होली की छुट्टियों के कारण उम्मीदवारों के पास नामांकन के लिए सीमित समय बचा है।

देश के कुल 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को मतदान होना है। इन चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज हो गई हैं और सभी दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। बिहार सहित अन्य राज्यों में भी चुनावी रणनीतियों पर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है।