भारतीय सेना ने ताजा किए PAK के जख्म, ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगाँठ से पहले गिनाया कितने आतंकी कैंप पर ताबड़तोड़ बरसाए थे बम: पढ़िए डिटेल

भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगाँठ से पहले उन 7 पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों की सूची जारी की है, जिन्हें इस कार्रवाई के दौरान निशाना बनाया गया था। सेना ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए यह भी दिखाया है कि इन ठिकानों पर कितना नुकसान हुआ था।

यह कदम उस आतंकी हमले के जवाब में उठाया गया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 25 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी गई थी। 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने धर्म की पहचान के आधार पर पर्यटकों को निशाना बनाया था।

रिपोर्ट्स के अनुसार, आतंकियों ने लोगों के ID चेक किए और गैर-मुस्लिम पहचान होने पर उन्हें गोली मार दी। इस हमले की जिम्मेदारी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा संगठन माना जाता है।

ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई और निशाने पर आए ठिकाने

22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में 7 मई को भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इस कार्रवाई के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों पर सटीक और योजनाबद्ध हमले किए गए।

इनमें कोटली अब्बास, कोटली गुलपुर, मेहमूना जोया, सैयदना बिलाल, भिंबर, सवाई नाला और सरजल जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल थे। इन हमलों में जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के कई ट्रेनिंग सेंटर, कमांड सेंटर और लॉन्च पैड पूरी तरह तबाह कर दिए गए।

बहावलपुर, मुरिदके, मुजफ्फराबाद और कोटली जैसे इलाके इस कार्रवाई के प्रमुख लक्ष्य रहे, जहाँ इन संगठनों का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था। रिपोर्ट्स के अनुसार, इन सटीक हमलों में कई आतंकियों के मारे जाने और उनके ढाँचे को भारी नुकसान पहुँचने की भी बात सामने आई है।

भारतीय सेना ने इस कार्रवाई को आतंकी हमले का सीधा और करारा जवाब बताया, जिसमें आधुनिक हथियारों और सटीक खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया गया था।

पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई और भारत की सुरक्षा व्यवस्था

ऑपरेशन के बाद पाकिस्तान की ओर से जवाबी हमले की कोशिश की गई, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें नाकाम कर दिया। भारत ने मिसाइल, ड्रोन और अन्य आधुनिक हथियारों का उपयोग कर आतंक के नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुँचाया।