बांग्लादेश को चने की झाड़ पर चढ़ा कर किया बाहर, खुद T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा ले रहा धोखेबाज पाकिस्तान: टीम घोषित की, बाबर IN रउफ OUT

पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश का समर्थन करते हुए भारत में होने वाले ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने से इनकार और बहिष्कार के संकेत दिए थे, लेकिन अब भारत की चेतावनी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। सलमान अली आगा इस टीम के नए कप्तान होंगे और पाकिस्तान ग्रुप-ए में भारत के साथ मुकाबला करेगा।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में होने वाले अपने मैचों को किसी दूसरी जगह पर करने की माँग को लेकर ICC से बात की। हालाँकि, ICC ने इस माँग को खारिज कर दिया और कहा कि भारत के तय किए गए सभी वेन्यू पूरी तरह सुरक्षित हैं और वहाँ किसी तरह की सुरक्षा समस्या नहीं पाई गई है। इसके बावजूद BCB अपने रुख पर अड़ा रहा और भारत में ग्रुप स्टेज के मैच खेलने से इनकार कर दिया।

इसके बाद ICC ने बड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल कर लिया। इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बांग्लादेश के समर्थन में टूर्नामेंट में शामिल न होने का इशारा किया था।

मोहसिन नकवी का बयान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा था कि टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला क्रिकेट बोर्ड नहीं, बल्कि पाकिस्तान सरकार लेगी। नकवी ने कहा था कि ICC ने बांग्लादेश के साथ अन्याय किया है, उसे टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलना चाहिए था।

उन्होंने कहा, “बांग्लादेश के साथ गलत व्यवहार किया गया है। मैंने यह बात ICC की बोर्ड बैठक में भी कही। आप दोहरे मापदंड नहीं अपना सकते, जहाँ एक देश को मनचाहा फैसला लेने की छूट हो और दूसरे देश के साथ बिल्कुल उलटा व्यवहार किया जाए।”

नकवी के मुताबिक, ICC के प्रमुख सदस्य देशों में शामिल होने के बावजूद बांग्लादेश के साथ ऐसा व्यवहार करना गलत है। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि जब पहले कुछ टीमों के लिए वेन्यू बदले गए थे, तो इस बार बांग्लादेश के मामले में इस विकल्प पर विचार क्यों नहीं किया गया।

उन्होंने आगे कहा, “इसी वजह से हमने यह रुख अपनाया है कि बांग्लादेश के साथ अन्याय हो रहा है और उसे हर हाल में विश्व कप खेलने की अनुमति मिलनी चाहिए। बांग्लादेश एक बड़ा हितधारक है और उसके साथ इस तरह का अन्याय नहीं किया जाना चाहिए।”

पाकिस्तान की टूर्नामेंट में भागीदारी को लेकर मोहसिन नकवी ने कहा,”हमारा रुख वही होगा, जैसा पाकिस्तान सरकार मुझे निर्देश देगी। इस समय प्रधानमंत्री देश में नहीं हैं। उनके लौटने के बाद ही मैं अंतिम फैसला बता पाऊँगा। यह सरकार का फैसला है, हम ICC का नहीं, सरकार का पालन करते हैं।”