पाकिस्तानी हॉकी टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर उठे विवाद ने बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया है। टीम के कप्तान शकील अम्माद बट के गंभीर आरोपों के बाद पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र PHF के चीफ प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच की माँग की है।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के बाद कप्तान बट ने मीडिया के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि टीम को सिडनी एयरपोर्ट पर 13-14 घंटे इंतजार करना पड़ा।
कैनबरा पहुँचने पर होटल में बुकिंग नहीं मिली क्योंकि भुगतान नहीं हुआ था। खिलाड़ियों को घंटों भटकना पड़ा और अस्थायी इंतजाम होने तक परेशानी झेलनी पड़ी। बट का आरोप है कि मैच से पहले खिलाड़ियों को किचन साफ करने और बर्तन धोने पड़े।
उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया से बात करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। इस बीच पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड ने स्पष्ट किया कि होटल खर्च के लिए 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपए से अधिक जारी किए गए थे।

