T20 विश्व कप के फिसड्डी जिन पाकिस्तानी क्रिकेटरों को श्रीलंका ने दी शरण, वहाँ होटल की महिला स्टाफ के साथ की बदसलूकी: टीम मैनेजमेंट ने माफी माँगकर छुड़ाई जान

पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टी20 वर्ल्ड कप अभियान पहले ही खराब प्रदर्शन के कारण चर्चा में रहा था, लेकिन अब टीम एक नए विवाद में घिर गई है। टूर्नामेंट के दौरान श्रीलंका के एक होटल में ठहरे पाकिस्तान टीम के एक खिलाड़ी पर महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा है। मामले को टीम मैनेजमेंट ने अंदर ही अंदर सुलझाने की कोशिश की और खिलाड़ी पर जुर्माना लगाकर फिलहाल विवाद को शांत किया गया।

श्रीलंका के होटल में हुआ विवाद

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना श्रीलंका के कैंडी स्थित गोल्डन क्राउन होटल में हुई, जहाँ टी20 वर्ल्ड कप के सुपर एट चरण के दौरान पाकिस्तान टीम ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर एट मुकाबले से ठीक पहले यह घटना हुई।

यहाँ पाकिस्तान की वर्ल्ड कप टीम के एक खिलाड़ी ने होटल की एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार किया। स्थिति तब गंभीर हो गई जब महिला कर्मचारी ने शोर मचाकर मदद माँगी, जिसके बाद होटल के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुँचे और मामले में दखल दिया। बाद में यह मामला पाकिस्तान टीम मैनेजर नवेद चीमा के संज्ञान में लाया गया।

टीम मैनेजमेंट ने माँगी माफी, खिलाड़ी पर लगाया जुर्माना

होटल प्रबंधन इस घटना से काफी चिंतित था और उसने संबंधित खिलाड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की थी। हालाँकि टीम मैनेजर नवेद चीमा ने खिलाड़ी की ओर से होटल प्रबंधन से माफी माँगी, जिसके बाद मामला फिलहाल आंतरिक स्तर पर ही सुलझा लिया गया। टीम मैनेजमेंट ने संबंधित खिलाड़ी पर जुर्माना भी लगाया।

खिलाड़ी की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अनुशासन समिति टीम के देश लौटने के बाद इस मामले की जाँच के लिए खिलाड़ी को तलब कर सकती है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई भी संभव है।

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप अभियान भी निराशाजनक रहा। टीम ने अपने आखिरी सुपर एट मैच में श्रीलंका को पांच रन से हराया था, लेकिन बेहतर नेट रन रेट न होने के कारण सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी।

इस घटना के बाद पाकिस्तान टीम से जुड़े पुराने विवाद भी फिर चर्चा में आ गए हैं। पिछले साल इंग्लैंड दौरे के दौरान पाकिस्तान शाहीन टीम के बल्लेबाज हैदर अली को रेप के आरोपों के मामले में मैनचेस्टर पुलिस ने कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था, हालाँकि बाद में सबूतों के अभाव में उन्हें छोड़ दिया गया था।

इससे पहले मलेशिया दौरे के दौरान टीम के मसाजर मलंग अली पर भी महिला स्टाफ से कथित दुर्व्यवहार के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन पर जुर्माना लगाया गया था।

जिस देश ने दी सिर छिपाने की जगह, उसी के नागरिक को निशाना बना रहे पाकिस्तानी

बता दें कि ईरान पर इजरायल-अमेरिका के हमले के बाद से यूएई समेत मिडिल ईस्ट के देशों का एयर स्पेस बंद हो गया है, जिसकी वजह से यात्राएँ रुक गई है। ऐसे में टी-20 विश्वकप से बुरी तरह बाहर होने के बावजूद पाकिस्तानी खिलाड़ी अपने मुल्क नहीं लौट पा रहे। ICC के निर्देश पर श्रीलंका ने उन्हें अपने देश में पनाह दी है, लेकिन जिस होटल में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को ठहराया गया है, वहाँ वो असभ्य व्यवहार कर रहे हैं। ऐसे में ये मामला पाकिस्तानी क्रिकेट टीम की घटिया मानसिकता को भी उजागर कर रहा है, जहाँ वो महिला स्टाफ के साथ बदसलूकी कर रहे हैं।