असम चुनाव में पाकिस्तानी कर रहे कॉन्ग्रेस का समर्थन, पत्नी पर फर्जी आरोपों के लिए मटेरियल भी पवन खेड़ा को वहीं से मिला: CM हिमंता ने PC कर दिखाई असलियत, कहा- जेल जाने की करो तैयारी

असम विधानसभा चुनाव से ठीक चार दिन पहले कॉन्ग्रेस ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के पास तीन विदेशी पासपोर्ट होने के साथ-साथ कई आरोप लगाए। कॉन्ग्रेस ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के पास दुबई में प्रॉपर्टी और अमेरिका में कंपनी है। इन आरोपों पर मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कॉन्ग्रेस को उसकी असलियत दिखा दी है।

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने आगामी असम चुनाव में पाकिस्तान का हाथ होने का दावा किया है और यह भी कहा कि पाकिस्तान का कॉन्ग्रेस को समर्थन है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान के चैनल ने असम चुनाव पर 11 टॉक शो किए हैं। यहाँ तक कि कॉन्ग्रेस नेता पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का मैटेरियल भी पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने ही दिया था।

पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या लगाए थे आरोप?

कॉन्ग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम सीएम सरमा की पत्नी पर आरोप लगाया था कि उनके पास तीन लिविंग पासपोर्ट हैं। एक ही वक्त में तीनों एक्टिव है। गोल्डन कार्ड UAE का है, जो 2027 तक एक्टिव है। दूसरा पासपोर्ट एंटीगुआ बारबोडा का है, जो 2031 को खत्म होगा। तीसरा इजिप्ट का है। उन्होंने कहा कि कोई और राजनेता नहीं होगा, जिसके पास तीन-तीन देशों के पासपोर्ट हों। क्या आप क्रिमिनल हैं, जो आपको तीन-तीन पासपोर्ट की जरूरत पड़ रही है।

उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि सीएम सरमा की पत्नी भारत की नागरिक नहीं हैं और वह अवैध हैं। अगर वह भारत की नागरिक हैं, तो वह गैरकानूनी है क्योंकि अगर यह पासपोर्ट सही नहीं है, तो गृहमंत्री अमित शाह को बताया चाहिए और जाँच बिठानी चाहिए। कॉन्ग्रेस नेता ने यहाँ तक आरोप लगाया कि सरमा परिवार चुनाव हारने के बाद देश छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं।

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का जवाब

सीएम हिमंंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी गुइयां सरमा ने लगातार ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कॉन्ग्रेस के इन आरोपों को धाराशाही किया। उन्होंने कहा कि यह AI और फोटोशॉप का इस्तेमाल कर जनता को बरगलाने की कोशिश है। दंपति ने पवन खेड़ा और उनके साथियों पर मानहानि केस दर्ज कराने की भी बात कही।

इस संबंध में सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार (06 अप्रैल 2026) को प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। सीएम ने कॉन्ग्रेस के इन दावों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की जानकारी दी और कहा कि ऐसे मामलों में IPC की धारा 420 और 468 के तहत कार्रवाई होती है। उन्होंने कॉन्ग्रेस के दावों का भी पर्दाफाश किया।

सीएम सरमा ने कहा कि रिसर्च के दौरान उन्होंने पाया कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा मैटेरियल एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने दिया था। यह भी कहा कि पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान चैनल ने असम चुनाव पर कम से कम 11 टॉक शो किए हैं, जो पहले कभी नहीं हुआ और हर टॉक शो का नतीजा कॉन्ग्रेस को चुनाव में जिताने का रहा। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पाकिस्तान का लिंक अब और ज्यादा साफ हो गया है।

सीएम हिमंता ने अपनी पत्नी के नाम पर दर्ज कंपनियों पर सफाई देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति 199 अमेरिकी डॉलर में एक कंपनी रजिस्टर करवा सकता है और ऐसा ही कॉन्ग्रेस ने किया। सीएम ने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा की मदद पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने की, जहाँ से उन्हें रिनिकी के फर्जी पासपोर्ट को दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।