भगवंत मान की फोटो लगी ID पहने गोल्डन टेंपल पहुँचे थे श्रद्धालु, सिख संगत ने उतरवा दिया: कहा- ये पब्लिसिटी करने की जगह नहीं

पंजाब के अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल (स्वर्ण मंदिर) में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब कुछ श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर में प्रवेश करने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर वाले पहचान-पत्र (ID कार्ड) हटाने के लिए कहा गया। ये सभी श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत गोल्डन टेंपल दर्शन करने पहुँचे थे। श्रद्धालुओं के आईडी कार्ड हटवाते अन्य लोगों का वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में ‘आवाज़-ए-क़ौम’ संगठन से जुड़े कुछ सिख कार्यकर्ताओं और SGPC कर्मचारियों को तीर्थयात्रियों से पहचान-पत्र हटाने और मुख्यमंत्री से संबंध तोड़ने के लिए कहते हुए देखा गया। इन कार्डों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर लगी हुई थी।

आवाज-ए-कौम के नेता नोबेलजीत सिंह ने बताया कि अकाल तख्त ने भगवंत मान के खिलाफ फैसला सुनाया है इसीलिए उन्होंने तीर्थयात्रियों से पवित्र स्थान के भीतर भगवंत मान की तस्वीर नहीं ले जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस आदेश का कई तीर्थयात्रियों ने पालन किया लेकिन जिन्होंने आपत्ति जताई उन्हें SGPC ने कार्ड हटाने की सलाह दी।

वहीं SGPC के सेक्रेटरी बलविंदर सिंह कहलवान ने कहा कि ऐसी तस्वीरों वाले ID कार्ड का इस्तेमाल पब्लिसिटी है, जिसकी इजाज़त दरबार साहिब में नहीं दी जा सकती।